उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर: म्यूटेशन कराने के नाम पर 20 लाख से अधिक की ठगी, केस दर्ज

ऊधमसिंह नगर जिले में जमीन का म्यूटेशन कराने के नाम पर 20 लाख रुपये से अधिक की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रामपुर निवासी असलम ने काशीपुर की आईटीआई कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने ग्राम सरबरखेड़ा निवासी अय्यूब से करीब डेढ़ बीघा जमीन खरीदने का सौदा किया था। आरोप है कि अय्यूब ने पहले जमीन का म्यूटेशन उनके नाम कराने की बात कही और बाद में रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया।

पीड़ित के अनुसार, चीमा पेपर मिल के पास एक ढाबे पर उसकी मुलाकात शाहीने नामक व्यक्ति से हुई। शाहीने ने दावा किया कि दीपक शर्मा नाम के व्यक्ति के बड़े अधिकारियों से संबंध हैं और वह 20 लाख रुपये में म्यूटेशन करा देगा। आरोप है कि इसके बाद अलग-अलग बहानों से रकम मांगी गई।

तहरीर में कहा गया है कि पहले शाहीने के भाई के खाते में दो लाख रुपये डलवाए गए, फिर सन्नी नामक व्यक्ति के माध्यम से एक लाख रुपये नकद लिए गए। बाद में आरोपियों ने रुद्रपुर में डीएम कार्यालय बुलाकर अधिकारियों को पैसे देने की बात कही, जिसके बाद और रकम ली गई।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने दिल्ली और देहरादून के खातों में भी लाखों रुपये जमा करवाए। साथ ही एक महंगा मोबाइल फोन भी अधिकारी को देने के नाम पर मंगवाया गया। इसके बावजूद जमीन का म्यूटेशन नहीं कराया गया।

असलम ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने न केवल म्यूटेशन कराने से इनकार कर दिया बल्कि झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने कुल 20 लाख रुपये से अधिक हड़प लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!