उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : ट्रक बुकिंग के नाम पर व्यवसायी से 1.5 लाख की ठगी

रुद्रपुर। ऑनलाइन ट्रांसपोर्टर खोजकर सामान मंगवाना एक व्यवसायी को भारी पड़ गया। जालसाजों ने ट्रक बुकिंग के नाम पर करीब 80 प्रतिशत एडवांस रकम हड़प ली और मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भूरारानी निवासी राहुल चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ओमनी प्रोडक्ट फर्म के स्वामी हैं। उन्होंने 13 मार्च 2026 को दमन और दीव से सामान मंगवाने के लिए ऑनलाइन माध्यम से “दमन ट्रांसपोर्ट” नामक फर्म से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान ट्रांसपोर्टर ने सामान लोडिंग से पहले 80 प्रतिशत एडवांस की मांग की।

राहुल ने अपनी फर्म के खाते से 1 लाख 50 हजार रुपये बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। भुगतान होते ही ट्रांसपोर्टर ने अपने दोनों मोबाइल नंबर बंद कर लिए। शक होने पर पीड़ित ने अपने स्तर पर जांच की, जिसमें सामने आया कि ट्रांसपोर्टर द्वारा दी गई अकाउंट डिटेल्स फर्जी थीं।

जांच में यह भी सामने आया कि रकम “एमआरसी लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड” के नाम पर प्राप्त की गई। पीड़ित ने अभिनव पटेल और महेंद्र भारद्वाज नामक व्यक्तियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना जारी है।

error: Content is protected !!