उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर: छात्रा के शारीरिक शोषण के आरोप में शिक्षक निलंबित

ऊधमसिंह नगर स्थित एक सरकारी इंटर कॉलेज में तैनात पीटीआई पर छात्रा द्वारा लगाए गए शारीरिक शोषण के आरोपों ने शिक्षा व्यवस्था और छात्र सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे, जहां आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा हुआ। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पीटीआई सुखविंदर को हिरासत में ले लिया है। वहीं शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर दिया है। स्कूल के प्रिंसिपल पंचदेव सिंह के अनुसार, एक दिन पहले पुलिस स्कूल पहुंची थी और आरोपी शिक्षक से पूछताछ की गई थी। बाद में जब स्कूल प्रशासन ने भी उससे सवाल किए, तो उसने छात्रा के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की। इसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया।

प्रिंसिपल ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति है। उन्होंने स्थानीय लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि स्कूल की गरिमा बनाए रखने में कमी रह गई, जिससे वह बेहद दुखी हैं। पुलिस चौकी चकरपुर प्रभारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। औपचारिक तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

मामले में प्रशासनिक लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं। स्थानीय विधायक ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत करते हुए कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी ने समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए। शिकायत के बाद संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।

error: Content is protected !!