किच्छा: 12 हजार की रिश्वत लेते उद्यान विभाग का ज्येष्ठ निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
किच्छा। विजिलेंस टीम ने उद्यान विभाग के ज्येष्ठ निरीक्षक को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता लकड़ी के ठेकेदार के रूप में कार्य करता है और उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से आम के पेड़ खरीदे थे। इन पेड़ों की कटाई के लिए उसने विभाग में आवेदन किया था, जिस पर अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया जा चुका था।
इसके बावजूद उद्यान विभाग में तैनात ज्येष्ठ निरीक्षक बादल पांडे ने 16 पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के बदले 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1064 पर दी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस ने ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की।
गुरुवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में छापा मारकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता विभाग के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है और लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करने की अपील की है।
