उत्तराखंड की चर्चित ब्लागर ज्योति अधिकारी ने जंगल में किया आत्म हत्या का प्रयास, अस्पताल में भर्ती
उत्तराखंड की चर्चित महिला व्लॉगर ज्योति अधिकारी ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर आत्महत्या की कोशिश की। करीब 25 मिनट के लाइव वीडियो में उन्होंने पुलिस और एक अन्य महिला व्लॉगर पर मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ज्योति अधिकारी काठगोदाम थाना क्षेत्र के रानीबाग स्थित शीतला माता जंगल पहुंच गई थीं, जहां से उन्होंने यह लाइव वीडियो किया। वीडियो में वह रोते हुए कहती नजर आईं— “ये मेरी जिंदगी का आखिरी वीडियो है, माता रानी से मिलने का वक्त आ गया है।”
लाइव के दौरान ज्योति ने आरोप लगाया कि एक महिला व्लॉगर लगातार उनके खिलाफ वीडियो बनाकर उन्हें चरित्रहीन बताने और अश्लील टिप्पणियां करने का आरोप लगा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ आने वाली शिकायतों पर तुरंत एफआईआर दर्ज हो जाती है, लेकिन जब वह खुद पुलिस को शिकायत देती हैं तो कोई कार्रवाई नहीं होती।
वीडियो में उन्होंने पुलिस पर भी मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। भावुक होकर उन्होंने अपने पति से भी माफी मांगते हुए कहा कि अब उनसे यह सब बर्दाश्त नहीं हो रहा और पहचान बनाने में उन्हें पांच साल लगे। वीडियो के अंत में वह दुपट्टा लेकर फंदा लगाने की बात करती दिखाई दीं, जिससे हड़कंप मच गया।
इस मामले में एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को सकुशल बरामद कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल महिला पूरी तरह सुरक्षित है।
