प्रेमजाल में फंसाकर युवक का अपहरण, अश्लील वीडियो बनाकर 50 लाख की रंगदारी मांगी
ऊधमसिंह नगर में हनी ट्रैप और अपहरण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर महिला ने पीलीभीत के युवक को अपने प्रेमजाल में फंसाकर मिलने बुलाया और फिर साथियों के साथ मिलकर उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसकी कार और नगदी लूट ली तथा अश्लील वीडियो बनाकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांग डाली।
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत निवासी पवन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब तीन दिन पहले उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। महिला ने अपना नाम पिंकी बताते हुए खुद को खटीमा की रहने वाली बताया। उसने सहानुभूति हासिल करने के लिए पवन को बताया कि उसका पति मेरठ में रहता है और उसके साथ मारपीट करता है।
महिला ने दोस्ती का भरोसा दिलाते हुए पवन को मिलने के लिए खटीमा बुलाया। 13 मार्च की रात करीब 9 बजे महिला ने उसे मच्छी झाला के पास आने को कहा। जब पवन अपनी कार से वहां पहुंचा तो सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं ने हाथ देकर उसे रुकवाया। उनमें से एक ने खुद को पिंकी बताया।
जैसे ही पवन ने कार रोकी, पहले से घात लगाकर बैठे चार युवक अचानक कार में घुस गए। आरोपियों ने उसे ड्राइवर सीट से खींचकर बगल वाली सीट पर पटक दिया और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वे उसे कार सहित करीब 6–7 किलोमीटर दूर एक अज्ञात गांव के कमरे में ले गए।
आरोप है कि वहां कमरे में बंद कर आरोपियों ने पवन के साथ बेरहमी से मारपीट की और उससे 50 लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने जबरन उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे।
पीड़ित के अनुसार, देर रात आरोपी उसे एक शराबी युवक की निगरानी में कमरे में छोड़कर कहीं चले गए। जब वह युवक गहरी नींद में सो गया तो पवन ने हिम्मत दिखाते हुए कमरे का ताला तोड़ दिया और किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसकी कार, 10 हजार रुपये की नगदी और सोने की अंगूठी भी लूट ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
