रुद्रपुर में नवरात्र पर नॉनवेज बिक्री पर सख्ती, KFC-बर्गर किंग पर चालान
रुद्रपुर। शहर में नवरात्र के दौरान मांस बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को महापौर के निर्देश पर टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान दो नामी प्रतिष्ठानों KFC और Burger King में नॉनवेज मिलने पर दोनों पर 5-5 हजार रुपये का चालान किया गया।
बताया गया कि चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नगर निगम प्रशासन ने 19 मार्च से 27 मार्च तक कच्चे और पके मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। यह प्रतिबंध केवल मीट की दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन सभी रेस्टोरेंट और भोजनालयों पर भी लागू है जहां मांसाहारी व्यंजन तैयार किए जाते हैं।
महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने मीट बाजार समेत कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान मेट्रोपोलिस मॉल स्थित KFC और Burger King में नॉनवेज पाया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए चालान काटा गया और सख्त चेतावनी भी दी गई।
छापेमारी के दौरान जसवीर सिंह, भूपेंद्र कुमार, विजय समेत नगर निगम के अन्य कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।
महापौर ने कहा कि नवरात्र के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर मांस के प्रदर्शन और बिक्री से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत न हों, इसके लिए यह प्रतिबंध लागू किया गया है। उन्होंने साफ किया कि आगे भी लगातार जांच अभियान जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर नियम तोड़ने वालों की दुकानों को सीज भी किया जा सकता है।
