रुद्रपुर : हेड कांस्टेबल पर महिला को जूते से पीटने का आरोप, एसएसपी ने किया लाइन हाजिर
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के भूतबंगला इलाके में होली के अगले दिन दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान पथराव हो गया, जिसमें तीन महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। मामले को लेकर एक महिला शिकायत दर्ज कराने रम्पुरा चौकी पहुंची, जहां सादी वर्दी में तैनात एक हेड कांस्टेबल पर महिला के साथ अभद्रता करने और जूते से मारने का आरोप लगा है।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा शनिवार को रम्पुरा चौकी पहुंचे और हेड कांस्टेबल की कथित हरकत पर नाराजगी जताई।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि होली के दिन ई-रिक्शा निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया। उनका आरोप है कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि दूसरे समुदाय के कुछ उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एक महिला रम्पुरा चौकी पहुंची थी, जहां सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की।
विधायक ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि पुलिस का काम पीड़ित को न्याय दिलाना है, न कि उसके साथ दुर्व्यवहार करना। उन्होंने कोतवाल से फोन पर बातचीत कर त्योहार के दौरान माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी अजय गणपति ने हेड कांस्टेबल ललित मोहन को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
