उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर: पार्षद के बेटे पर किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर परिवार से मारपीट

रुद्रपुर। शहर में एक पार्षद के बेटे और उसके साथियों पर घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ और अभद्रता करने का आरोप लगा है। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा किशोरी के भाई और माता-पिता के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रुद्रपुर निवासी एक किशोरी बुधवार देर शाम जिला अस्पताल पहुंची और बताया कि होली खेलने के बाद वह घर पर मौजूद थी। उसका भाई नहाने गया हुआ था, जबकि माता-पिता घर से बाहर थे।

किशोरी का आरोप है कि इसी दौरान एक पार्षद का बेटा अपने तीन-चार साथियों के साथ जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए।

इसी बीच उसका भाई वहां पहुंच गया और उसने विरोध किया तो आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर जब किशोरी के माता-पिता घर पहुंचे तो उन पर भी ईंट और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।

परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कराया। भीड़ जुटती देख आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार रम्पुरा चौकी पहुंचा और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!