उत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश : नशे में धुत दरोगा ने महिला को मारी टक्कर, युवक पर कार चढ़ाने की कोशिश

उत्तर प्रदेश। शाहजहांपुर जिले में शराब के नशे में धुत एक दरोगा की लापरवाही से कई लोग घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने चौराहे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और दरोगा को कार से उतारकर उसके साथ हाथापाई भी कर दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

संवाद न्यूज एजेंसी के अनुसार बंडा थाने में तैनात एक दरोगा ने गुरुवार को होली खेलने के बाद अपनी निजी कार तेज रफ्तार में चलानी शुरू कर दी। मुख्य चौराहे पर कार के सामने आए कई लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान पीलीभीत निवासी एक महिला दरोगा की कार की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

इसी बीच सुनील नामक व्यक्ति अपनी दो बेटियों को बाइक पर बैठाकर खुटार की ओर जा रहे थे। तभी दरोगा की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुनील सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि उनकी बेटियों को वहां मौजूद लोगों ने सुरक्षित बचा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दरोगा ने कार रोकने के बजाय कई बार बाइक के पास गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की।

घटना से आक्रोशित लोगों ने चौराहे पर जाम लगा दिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने दरोगा को कार से खींचकर बाहर निकाल लिया और उसके साथ हाथापाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरोगा को भीड़ से बचाया।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि दरोगा की कार से टक्कर लगने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि दरोगा ने शराब पी रखी थी या नहीं।

error: Content is protected !!