उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी

रुद्रपुर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने काशीपुर मार्ग स्थित रेलवे मालगोदाम रोड के पास एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में शव कुछ दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि मृत्यु कुछ समय पहले हुई होगी। पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य जनपदों को सूचना भेज दी है, ताकि गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड से मृतक की पहचान की जा सके।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश।

error: Content is protected !!