उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर : बड़ा मुनाफा देने के नाम पर व्यापारी से 64 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज

उधमसिंह नगर। निवेश के नाम पर व्यापारी से 64.72 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काशीपुर निवासी व्यवसायी गौरव चौधरी ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उनके व्हाट्सएप नंबर को एक निवेश संबंधी ग्रुप में जोड़ दिया गया था। करीब एक माह तक ग्रुप में चल रही गतिविधियां, शेयर मार्केट से जुड़े टिप्स और ट्रेनिंग देखकर उन्हें उस पर भरोसा हो गया। शुरुआती कुछ लेन-देन में उन्हें मुनाफा भी मिला, जिससे उनका विश्वास और बढ़ गया।

इसी दौरान एक महिला ने उनसे वीडियो कॉल पर संपर्क किया। उसने खुद को ‘इंडिया निवेश इन्वेस्टमेंट ग्रुप’ की मैनेजर बताया और बड़े निवेश का लालच देकर उन्हें आगे पैसे लगाने के लिए प्रेरित किया। भरोसा जमने पर महिला ने पीड़ित से आधार कार्ड और पैन कार्ड की कॉपी लेकर कथित डीमैट अकाउंट भी बना दिया।

शुरुआत में व्यापारी ने 20 हजार रुपये निवेश किए, जो आसानी से वापस भी मिल गए। इसके बाद उनका विश्वास और मजबूत हुआ और उन्होंने 5 से 26 नवंबर के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 64.72 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

जब उन्होंने मुनाफा निकालने की कोशिश की तो लगातार विड्रॉल फेल होने लगा। शंका होने पर उन्होंने संबंधित लोगों से संपर्क किया, लेकिन महिला ने बाद में उनका नंबर ही ब्लॉक कर दिया। तब जाकर व्यापारी को ठगी का पता चला।

साइबर क्राइम थाना पंतनगर प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ग्रुप की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस टीम मामले की छानबीन में जुटी है।

error: Content is protected !!