रुद्रपुर में पालतू कुत्तों के लिए तय होंगे नियम, आक्रामक कुत्तों को अलग रखने की होगी व्यवस्था
रुद्रपुर नगर निगम जल्द ही कुत्तों के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) बनाएगा। निगम क्षेत्र में लावारिस कुत्तों के बधियाकरण के साथ ही उनको एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने के बाद पहचान के लिए बाएं कान पर कट लगाए जाएंगे। नगर निगम एसओपी को जल्द बोर्ड से पास कराकर नियम बनाएगा।
लावारिस कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सभी नगर निकायों को नियम बनाने के निर्देश दिए थे। नगर क्षेत्र के लावारिस कुत्तों को एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाने के साथ ही बधियाकरण करने, भोजन देने के लिए स्थान चिह्नित करने और आक्रामक कुत्तों को अलग रखने की व्यवस्था करने के आदेश दिए गए थे।
नगर निगम की ओर से बधियाकरण के लिए अभियान चल रहा है। इसके लिए अलग से टीम बनाई गई है। अब तक नगर निगम क्षेत्र के पांच हजार कुत्तों का बधियाकरण किया गया है। अभी टीमें लावारिस कुत्तों को चिह्नित कर रही हैं। रैबीज का इंजेक्शन लगाने के बाद कुत्तों के बाएं कान पर कट लगाया जा रहा है।
नगर निगम क्षेत्र में पालतू कुत्ते रखने के शौकीन लोगों को लाइसेंस लेना हाेगा। इसके लिए निगम को शुल्क देना होगा। लाइसेंस शुल्क के लिए निगम एसओपी में प्रावधान करेगा।
