भाजपा पार्षद के घर डकैती का खुलासा, नेपाली गैंग का सदस्य गिरफ्तार; नकदी, मोबाइल और कार बरामद
देहरादून में भाजपा पार्षद के घर हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए दिल्ली में सक्रिय नेपाली मूल के गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 27,500 रुपये की चोरी की नकदी, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल सफेद अर्टिगा कार बरामद की गई है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।
देहरादून निवासी महिपाल ने थाना बसंत विहार में तहरीर देकर बताया था कि दिल्ली की एक कंपनी के माध्यम से उनके घर काम करने आया भरत अपने साथियों के साथ मिला हुआ था। आरोप है कि आरोपियों ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश कर दिया और इसके बाद घर से जेवर व नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में भरत के साथ चार अन्य लोगों के शामिल होने और हरियाणा नंबर की कार इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दिनेश को वारदात में इस्तेमाल सफेद अर्टिगा कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है। गैंग के सदस्य घरों में काम करने के बहाने पहले रैकी करते थे और इसके बाद मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दिनेश टैक्सी से साथियों को घटनास्थल तक पहुंचाता और वारदात के बाद वापस ले जाता था। इसके बदले उसे चोरी के माल में हिस्सा मिलता था। बसंत विहार की घटना के बाद उसे 50 हजार रुपये दिए गए थे।
पुलिस के मुताबिक भरत, आदित्य, अभिषेक और एलेक्स की तलाश जारी है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
