रुद्रपुर : जिला अस्पताल की लिफ्ट खराब, सीढ़ियां चढ़कर हांफने को मजबूर मरीज
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिला अस्पताल की इकलौती लिफ्ट शुक्रवार को खराब हो गई। लिफ्ट बंद होने से गंभीर मरीजों, गर्भवतियों, बुजुर्गों और दिव्यांगों को पहली मंजिल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। व्हीलचेयर और स्ट्रेचर से पहुंचे मरीजों को तीमारदारों की मदद से सीढ़ियों के रास्ते ऊपर ले जाना पड़ा।
अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ का कक्ष, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू पहली मंजिल पर हैं। ऐसे में लिफ्ट खराब होने से मरीजों की परेशानी और बढ़ गई। रुद्रपुर निवासी अशोक अपनी बीमार मां को व्हीलचेयर पर लेकर अस्पताल पहुंचे थे। लिफ्ट बंद होने के कारण उन्हें मां को सीढ़ियों से ऊपर ले जाना पड़ा। इस दौरान उनकी मां हांफती रहीं।
अशोक ने बताया कि उनकी मां चलने में असमर्थ हैं। लिफ्ट खराब होने से उन्हें काफी परेशानी हुई। मरीजों का कहना था कि अस्पताल में आने वाले गंभीर और बुजुर्ग मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट का चालू रहना बेहद जरूरी है।
करोड़ों रुपये के बजट से संचालित जिला अस्पताल में इकलौती लिफ्ट के खराब होने से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। आपात स्थिति में गंभीर मरीज को आईसीयू तक पहुंचाने में देरी परेशानी बढ़ा सकती है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बताया कि तकनीकी खामी के कारण लिफ्ट खराब होने का मामला संज्ञान में आया है। इसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को लिफ्ट ठीक हो जाएगी।
