उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : नौ साल से नहीं बनी सड़क, बरसात में तालाब बन गया बिगवाड़ा

रुद्रपुर। नगर निगम में शामिल होने के बाद भी वार्ड-16 बिगवाड़ा की सूरत नहीं बदली है। वर्ष 2017 के बाद से यहां मुख्य मार्ग का डामरीकरण तक नहीं हुआ। बरसात में बदहाल सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं, जिससे करीब 20 हजार की आबादी को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

गड्ढों में तब्दील सड़कें, जलभराव से बढ़ी मुसीबत

स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड की मुख्य सड़क से लेकर गली-मोहल्लों तक की सड़कें बदहाल हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से राहगीरों के लिए परेशानी और बढ़ जाती है। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि कई बार बाइक सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है और कई स्थानों पर घरों में भी घुस रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, समस्या के समाधान के लिए पार्षद कई बार प्रस्ताव भेज चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से फाइलें दफ्तरों में धूल फांक रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना

वर्ष 2017 में जब हरीश रावत की सरकार थी, तब बिगवाड़ा का मुख्य मार्ग बना था। इसके बाद किसी भी जनप्रतिनिधि ने सड़कों की सुध नहीं ली। नगर निगम में शामिल होने के बाद भी क्षेत्र की दशा नहीं सुधरी है।

– विक्रमजीत सिंह, बिगवाड़ा

किसी भी जनप्रतिनिधि की ओर से सड़कों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं और लोग सड़कों पर गिरकर घायल हो रहे हैं।

– अमृतपाल सिंह, बिगवाड़ा

error: Content is protected !!