उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर : सड़क हादसे में पुलिस कर्मी की मौत

रुद्रपुर। शनिवार की मध्य रात्रि बाईक पर रात्रि गश्त कर रहे ट्रांजिट कैम्प कोतवाली में तैनात एक कांस्टेबल की सिडकुल रोड़ पर अचानक सामने आये जानवर से टक्कर होने के बाद मृत्यु हो गई। इस घटना से ट्रांजिट कैम्प कोतवाली सहित पुलिस महकमे में शोक की लहर व्याप्त हो गई। दोपहर बाद मृतक कांस्टेबल का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस लाईन में परिजनों के साथ उसे श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उसका पार्थिव शरीर मूल निवास स्थान हल्द्वानी ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से हल्द्वानी निवासी भुवनचन्द्र आर्य ट्रांजिट कैम्प कोतवाली में कांस्टेबल पद पर तैनात था। बताया जाता है कि भुवन शुक्रवार की रात्रि ट्रांजिट कैम्प कोतवाली से बाईक पर सवार होकर रात्रि गश्त को रवाना हुआ था। आज शनिवार की मध्य रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि सिडकुल मार्ग पर एक पुलिस कर्मी लावारिस जानवर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैम्प कोतवाली पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्होंने भुवन आर्य को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां भुवन की मौत हो गई। कांस्टेबल भुवन आर्य की मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमें में शोक की लहर व्याप्त हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक भुवन आर्य के परिजन भी प्रातः यहां आ पहुंचे और पार्थिव शरीर देखकर उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दोपहर बाद मृतक कांस्टेबल भुवन आर्य का पोस्टमार्टम कराने के बाद पार्थिव शरीर पुलिस लाईन में ले जाया गया जहां पुलिस के कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने परिजनों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात स्व- भुवन आर्य का पार्थिव शरीर मूल निवास स्थान हल्द्वानी ले जाया गया।

error: Content is protected !!