उधमसिंह नगर

टुकटुक में युवती ने पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग, बचाने आया चालक भी झुलसा

ऊधमसिंह नगर। सितारगंज के अमरिया चौराहे के समीप शुक्रवार को टुकटुक में सवार रुद्रपुर निवासी युवती ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। आग की चपेट में आने से युवती और टुकटुक चालक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह यादव के अनुसार, युवती करीब 70 प्रतिशत झुलसी है, जबकि टुकटुक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवती और टुकटुक चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के शादीशुदा होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि युवती ने किस वजह से यह कदम उठाया, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

error: Content is protected !!