उधमसिंह नगर: जर्जर स्कूल भवन में पढ़ाई ठप, पंचायत भवन में लग रही बच्चों की कक्षाएं
काशीपुर। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बाजेवाला का जर्जर भवन अब बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। छत और दीवारों से लगातार प्लास्टर गिरने तथा बारिश के दौरान कमरों में पानी टपकने के कारण विद्यालय में शिक्षण कार्य बंद कर दिया गया है। फिलहाल 21 बच्चों की कक्षाएं पंचायत भवन में संचालित की जा रही हैं।
करीब 40 वर्ष पहले बने इस विद्यालय में केवल दो कक्ष हैं। वर्तमान में यहां 21 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिन्हें प्रधानाध्यापक राजीव शर्मा और शिक्षक आनंद सिंह बिष्ट पढ़ाते हैं। लंबे समय से रखरखाव न होने के कारण विद्यालय भवन के साथ-साथ रसोईघर भी जर्जर हो चुका है। कमरों की छत का प्लास्टर उखड़ने से सरिया बाहर दिखाई देने लगी है, फर्श कई जगह से टूट चुका है और दीवारों का प्लास्टर लगातार गिर रहा है। बारिश में छत से पानी टपकने से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
बारिश के दौरान किताबों और अन्य शिक्षण सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें दीवारों पर टांगना पड़ता है। वहीं कंप्यूटर, एलईडी और अन्य उपकरणों को भी ढककर रखा जा रहा है ताकि उन्हें नुकसान न पहुंचे। बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार से जर्जर भवन में पढ़ाई बंद कर पंचायत भवन में कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं।
ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन की ओर से भवन की मरम्मत और नए निर्माण के लिए कई बार प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
छात्रों ने बताया कि स्कूल की छत और दीवारों से अक्सर प्लास्टर गिरता रहता है। बारिश के समय कमरों में पानी भर जाता है और जहरीले कीड़े भी निकल आते हैं। दो दिन पहले मिड-डे मील के दौरान छत से प्लास्टर का एक हिस्सा गिर गया था। गनीमत रही कि कोई बच्चा उसकी चपेट में नहीं आया। छात्रों ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष विद्यालय परिसर के अंदर बिजली का खंभा लगा दिया गया, जबकि पहले यह भवन के बाहर था।
24 जुलाई को बीईओ कार्यालय में विद्यालय की मरम्मत का प्रस्ताव भेजा गया है। हाल ही में छत से प्लास्टर गिरने की घटना में बड़ा हादसा टल गया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार से जर्जर भवन में पढ़ाई बंद कर पंचायत भवन में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले वर्ष विद्यालय में 19 बच्चे थे, जबकि इस वर्ष तीन नए प्रवेश हुए हैं। — राजीव शर्मा, प्रधानाध्यापक, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बाजेवाला
