आईएनसी मान्यता की मांग पर नर्सिंग छात्रों का धरना जारी, विधायक तिलकराज बेहड़ ने दिया समर्थन
किच्छा स्थित सूरजमल विश्वविद्यालय में इंडियन नर्सिंग काउंसिल (आईएनसी) की मान्यता की मांग को लेकर बीएससी नर्सिंग और जीएनएम के छात्र-छात्राओं का अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को भी जारी रहा। आंदोलन को उस समय और बल मिला जब तिलकराज बेहड़ धरना स्थल पर पहुंचे और छात्रों से मुलाकात कर उन्हें अपना समर्थन दिया।
छात्रों का कहना है कि वे पिछले एक वर्ष से विश्वविद्यालय में आईएनसी की मान्यता दिलाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान कई दौर की वार्ताएं भी हुईं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
धरना स्थल पर छात्रों को संबोधित करते हुए विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि नर्सिंग विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी कीमत पर अंधकार में नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर जल्द से जल्द आईएनसी की मान्यता प्राप्त करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की जायज मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा इस मुद्दे को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनकी मांग पूरी तरह न्यायसंगत है।
विधायक ने प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द समाधान निकालने की अपील की, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
धरना स्थल पर पुलिस प्रशासन भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। फिलहाल छात्र अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हुए हैं।
