पबजी खेलने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट,कई लोग घायल
रुद्रपुर। शहर की नेताजी सुभाष कॉलोनी, वार्ड नंबर-2 में सोमवार को बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी हाथापाई होने का आरोप है। घटना में एक मासूम बच्चा भी चोटिल हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष का आरोप है कि कॉलोनी में एक बच्चा मोबाइल पर च्न्ठळ खेल रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक वहां पहुंचा और कथित तौर पर बच्चे का मोबाइल छीनकर उसे थप्पड़ मार दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले तो स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद विवाद फिर भड़क गया।
आरोप है कि इसी बीच मारपीट करने वाले पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते जमकर मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडों, घूंसों और लातों से हमला किए जाने का आरोप है। इस दौरान कई लोगों के सिर और शरीर पर चोटें आईं। मारपीट के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने झगड़ा शांत कराने के लिए बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि मारपीट कर रहे लोगों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी हाथापाई कर दी।
इस दौरान मौके पर मौजूद एक मासूम बच्चा भी घायल हो गया। घटना के बाद कुछ देर तक कॉलोनी में तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका मेडिकल कराया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, मारपीट की शुरुआत किसने की और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
