उधमसिंह नगर में सोमवार को बंद रहेंगे सभी स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश
उधमसिंह नगर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 20 जुलाई 2026 के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन उधम सिंह नगर ने जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए नदियों, बरसाती नालों और जलधाराओं का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने और आपदा की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करता है, तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील: जिलेवासियों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें तथा प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करें।
