उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : एक और स्कूल ने जारी किया बंद करने का फरमान, अभिभावकों में आक्रोश

रुद्रपुर। सत्र पूरा होने से पहले स्कूल को नहीं बंद करने के शिक्षा विभाग के आदेश के बाद भी निजी स्कूलों में मनमानी चल रही है। रुद्रपुर का एक और स्कूल चर्चाओं में आ गया है। आरोप है कि प्रबंधन की ओर से स्कूल को बंद करने का फरमान जारी किया गया है। हालांकि शिक्षा विभाग के पास ऐसा फिलहाल कोई भी पत्र नहीं आया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि स्कूल की तरफ से अभिभावकों को एक नोटिफेकेशन गया है। इसमें स्कूल को बंद करने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि शहर की एक कॉलोनी में संचालित कक्षा पांच तक के निजी विद्यालय में अभिभावकों की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में प्रबंधन ने बताया कि जिस भवन में विद्यालय संचालित हो रहा है वह बिक चुका है और भवन खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है।

दूसरी जगह उपलब्ध न होने के कारण विद्यालय को बंद करना पड़ सकता है। यह सूचना मिलते ही अभिभावकों ने विरोध जताया और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय कुछ समय पहले ही दूसरे स्थान से यहां स्थानांतरित हुआ था। ऐसे में अब दोबारा स्कूल बदलना छोटे बच्चों के लिए मानसिक रूप से भी चुनौतीपूर्ण होगा। उनका यह भी कहना है कि सत्र के बीच दूसरे निजी विद्यालयों में प्रवेश लेना आसान नहीं है और इसके लिए भारी फीस व अन्य शुल्क दोबारा चुकाने पड़ेंगे।

इधर सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन और भवन स्वामी से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया। अभिभावकों ने मांग की है कि कम से कम मौजूदा शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक विद्यालय को यथावत संचालित करने की अनुमति दी जाए ताकि 50 से 60 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है लेकिन विभाग को स्कूल की तरफ से ऐसा कोई भी पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। निजी स्कूलों को मनमानी नहीं करने दी जाएगी। कोई भी स्कूल शैक्षणिक सत्र पूरा होने से पहले बंद नहीं होने दिया जाएगा।

error: Content is protected !!