किच्छा : यूनिवर्सिटी की मान्यता नहीं होने से भड़के विद्यार्थियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन
रुद्रपुर। किच्छा स्थित एक यूनिवर्सिटी की इंडियन नर्सिंग काउंसिल (आईएनसी) से मान्यता नहीं मिलने के विरोध में विद्यार्थियों ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने यूनिवर्सिटी/कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। मामले के समाधान की मांग को लेकर उन्होंने एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से उक्त यूनिवर्सिटी में अध्ययन कर रहे हैं। कुछ माह पूर्व उन्हें जानकारी मिली कि संस्थान को आईएनसी की मान्यता प्राप्त नहीं है। इस पर विरोध जताने पर प्रबंधन ने लिखित आश्वासन दिया था कि जल्द ही आईएनसी की मान्यता मिल जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया था कि यदि मान्यता नहीं मिली तो विद्यार्थियों को चार गुना फीस के साथ मुआवजा दिया जाएगा।
छात्रों का आरोप है कि अब तक न तो संस्थान को मान्यता मिली है और न ही प्रबंधन ने अपने लिखित आश्वासन का पालन किया है। उन्होंने कहा कि समझौते के बावजूद वादाखिलाफी की जा रही है और प्रबंधन लगातार मान्यता मिलने का भरोसा देकर छात्रों को गुमराह कर रहा है। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो छात्रहितों की रक्षा के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा।
एडीएम पंकज उपाध्याय ने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की।
