उधमसिंह नगर

पड़ोसी के घर छात्रा की कनपटी पर गोली लगने से मौत, हत्या की आशंका; आरोपी परिवार फरार

उधमसिंह नगर में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। युवती पड़ोस के एक परिवार के घर गई थी, जहां करीब एक घंटे बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पड़ोसी एक व्यक्ति उसे खून से लथपथ हालत में उसके भाई के पास छोड़कर फरार हो गया। युवती की बायीं कनपटी पर गोली लगी थी। परिजनों ने पड़ोसी परिवार के किसी सदस्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से आरोपी परिवार के सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।

काशीपुर। ग्राम मढ़ैया देवी निवासी युवती बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के घर गई थी। करीब 11:30 बजे अचानक वहां धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद पड़ोस का एक व्यक्ति खून से लथपथ युवती को उठाकर उसके भाई मोहम्मद फईम के पास ले आया और उसे सौंपकर मौके से चला गया। युवती की बायीं कनपटी पर गोली लगी थी।

सूचना मिलते ही पैगा चौकी प्रभारी विक्रम सिंह धामी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर आरोपी परिवार की दो नाबालिग लड़कियां मिलीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य फरार थे। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और मृतका के घर से साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान घटनास्थल पर जगह-जगह खून के छींटे मिले। घर से बाहर जाने वाली सड़क पर भी खून की बूंदें पाई गईं। पुलिस को आशंका है कि खून के निशान पानी से धोकर मिटाने का प्रयास किया गया होगा। पुलिस के मुताबिक घटना में प्रयुक्त हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है।

मृतका के बड़े भाई मोहम्मद फईम ने बताया कि वे तीन भाई हैं और युवती उनकी इकलौती बहन थी। उनके दो भाई दिल्ली में नौकरी करते हैं। युवती ने इसी वर्ष बीए फाइनल की परीक्षा पास की थी। फईम ने आरोप लगाया कि पड़ोसी परिवार के किसी सदस्य ने उसकी बहन की गोली मारकर हत्या की है।

बताया जा रहा है कि पड़ोसी परिवार में पति-पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियां हैं। मोहल्ले के लोगों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पहले कभी किसी तरह का विवाद या मनमुटाव सामने नहीं आया था। मृतका के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी अगले साल करने की तैयारी चल रही थी।

इधर, क्षेत्र में चर्चा है कि कहीं पड़ोसी परिवार की तीनों लड़कियां तमंचे के साथ रील तो नहीं बना रही थीं। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस के सामने यह सवाल भी है कि घर में तमंचा कहां से आया और वह लोडेड हालत में क्यों था।

घटना के बाद महुआखेड़ा गंज क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग भी घटना को लेकर कुछ कहने से बच रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार परिवार के सदस्यों की तलाश की जा रही है।

सीओ काशीपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी परिवार फरार है और घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद नहीं हुआ है। शव का पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!