उत्तराखंडउधमसिंह नगर

उधमसिंह नगर: पेड़ से टकराई रोडवेज बस, 13 यात्री घायल

उधमसिंह नगर। देहरादून से हल्द्वानी जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की एक रोडवेज बस शनिवार सुबह काशीपुर में सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा बस चालक द्वारा अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। दुर्घटना में 13 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार कराने के बाद उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, देहरादून डिपो की रोडवेज बस देहरादून से हल्द्वानी जा रही थी। शनिवार सुबह करीब 7 बजे जब बस काशीपुर की मंडी समिति के पास पहुंची, तभी एक बाइक सवार अचानक बस के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने बस मोड़ दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।

बस में कुल 26 यात्री सवार थे। हादसे में 13 यात्रियों को चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। उपचार के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर हल्द्वानी के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस और परिवहन विभाग ने घटना की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!