उधमसिंह नगर : डीएम ने जारी किए सभी स्कूल दोपहर 11:30 बजे तक ही खोलने के आदेश
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केन्द्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (हीट वेव) चलने की संभावना जताई गई है। तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज होने से लोगों में निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।
विशेष रूप से छोटे बच्चों, छात्र-छात्राओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य पर गर्मी के प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने जनहित में आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, जनपद में संचालित सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों, प्री-नर्सरी विद्यालयों तथा सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई 20 मई 2026 से आगामी एक सप्ताह तक अर्धदिवसीय (हाफ डे) व्यवस्था के तहत संचालित की जाएगी।
इस दौरान सभी विद्यालयों का संचालन सुबह 7:00 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक किया जाएगा। यह व्यवस्था ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक लागू रहेगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं संस्थान प्रमुखों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
