उत्तराखंड

हल्द्वानी: बच्चों की सुरक्षा के दावों के बीच ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, बिना हेलमेट गुजर गई चार सवारी स्कूटी

हल्द्वानी। स्कूलों की छुट्टी के दौरान बच्चों को सुरक्षित सड़क पार कराने और यातायात व्यवस्था संभालने को लेकर नैनीताल पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो अब चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में जहां पुलिस खुद को सतर्क और जिम्मेदार बताते हुए ट्रैफिक प्रबंधन की सराहना कर रही है, वहीं उसी वीडियो में यातायात नियमों की खुली अनदेखी भी दिखाई देने पर लोग सवाल उठा रहे हैं।

नैनीताल पुलिस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि स्कूलों की छुट्टी के समय यातायात पुलिस और सीपीयू टीम अलर्ट मोड में रही। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को सुरक्षित सड़क पार कराया और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया।

हालांकि वीडियो में एक स्कूटी पर बिना हेलमेट चार लोग सवार होकर सड़क पार करते दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह रही कि यह सब पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में होता नजर आया, लेकिन वीडियो में किसी प्रकार की कार्रवाई दिखाई नहीं दी।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स का कहना है कि यदि नियमों का पालन करवाने वाली एजेंसियां ही ऐसे मामलों को नजरअंदाज करेंगी तो आम जनता में गलत संदेश जाएगा। लोगों ने यह भी कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई भी होनी चाहिए।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है। एक ओर लोग स्कूल समय में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस की सराहना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वीडियो में दिख रही लापरवाही को लेकर जवाबदेही की मांग भी उठ रही है।

error: Content is protected !!