उधमसिंह नगर: मोबाइल मांगकर युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
उधमसिंह नगर। पंतनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कॉल करने के बहाने एक युवक से मोबाइल मांगकर उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पंतनगर निवासी सुमित गुरुवार रात अपने दोस्त से मिलने झा कॉलोनी की ओर जा रहा था। रास्ते में उसे एक युवक मिला, जिसने कॉल करने के लिए उससे मोबाइल मांगा। सुमित ने उसे अपना मोबाइल दे दिया। इसी दौरान आरोपी ने अचानक डंडे से हमला कर दिया, जिससे सुमित जमीन पर गिर गया।
इसके बाद आरोपी ने पास रखा चाकू निकाल लिया। खतरा भांपते ही सुमित वहां से जान बचाकर भागने लगा, लेकिन हमलावर ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया और उस पर चाकू से वार कर दिया। बचाव में सुमित ने हाथ आगे किया, जिससे चाकू उसके हाथ में घुस गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल सुमित को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। सुमित का कहना है कि अगर उसने हाथ आगे नहीं किया होता तो चाकू उसके पेट में लग सकता था, जिससे उसकी जान को खतरा हो सकता था।
