उधमसिंह नगर

उधमसिंह नगर : डीएम ने जारी किए सभी स्कूल दोपहर 12-00 बजे तक ही खोलने के आदेश

रुद्रपुर। उधमसिंह नगर जिले में बढ़ती गर्मी और हीट वेव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी उधमसिंह नगर के निर्देश पर 22 अप्रैल 2026 से एक सप्ताह तक सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया गया है। यह कदम बच्चों और गर्भवती महिलाओं सहित संवेदनशील वर्गों को तेज गर्मी से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे हीट वेव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में उच्च तापमान के कारण डिहाइड्रेशन सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने समय परिवर्तन का आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नर्सरी कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगी, जबकि कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!