रुद्रपुर : पुरानी रंजिश के चलते युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत नाजुक
रूद्रपुर। पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर पिस्तौल से कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली युवक के पेट में जा लगी। घायल युवक को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है।
फाजलपुर महरौला निवासी जितेन्द्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम उनका भाई रवि अपने मित्र संजू के साथ रामपुर रोड स्थित लोक विहार कॉलोनी के पास चाय के खोखे पर बैठा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी जिसमें से एक गोली सीधे रवि के पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया।
इतना ही नहीं, हमलावरों ने घायल रवि पर धारदार हथियारों, लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर उसके हाथ-पैर भी तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रवि को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। शोर मचने पर रवि के दोस्त संजू और विचित्र उसे कार से रम्पुरा चौकी ले गए, जहां से पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया है।
पीड़ित के भाई ने बताया कि रवि को पिछले कुछ दिनों से मोबाइल पर जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसकी सूचना पूर्व में रम्पुरा चौकी को भी दी गई थी। घटना के दौरान रवि का मोबाइल और सोने की चौन भी गायब हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
