रुद्रपुर : स्पा सेंटर संचालक पर बंधक बनाकर मारपीट का आरोप
रुद्रपुर। गदरपुर निवासी एक युवक ने मेट्रोपोलिस मॉल स्थित एक स्पा सेंटर के संचालक और वहां कार्यरत युवतियों पर बंधक बनाकर मारपीट करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने संबंध में एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गदरपुर निवासी जसवंत ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीती 30 जनवरी को वह मेट्रोपोलिस मॉल की दूसरी मंजिल पर स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज कराने गया था। मसाज कराने के बाद उसने पूरा भुगतान भी कर दिया। आरोप है कि जब वह वहां से वापस लौटने लगा तो स्पा सेंटर में मौजूद युवतियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और अतिरिक्त पैसे की मांग करने लगीं।
जब उसने अतिरिक्त रकम देने से इनकार किया तो उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इसी दौरान स्पा सेंटर का संचालक वहां पहुंच गया। उसने भी कथित रूप से उसे बंधक बनाकर उसके साथ हाथापाई की और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो उसे जेल भिजवा दिया जाएगा। पीड़ित के अनुसार, वह किसी तरह वहां से निकलकर भागने में सफल रहा, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्पा सेंटर संचालक के पास ही रह गया।
युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे ब्लैकमेल कर पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है। मामले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
