हल्द्वानी : स्मैक की तस्करी में दो महिलाओं सहित तीन गिरफ्तार
हल्द्वानी। क्षेत्र में नशा तस्करों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है, यहां पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी नशा तस्करी में पीछे नहीं हैं। प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी के नेतृत्व में हल्द्वानी पुलिस टीम व एएनटीएफ टीम ने चौकिंग के दौरान रामलीला ग्राउण्ड मंगलपड़ाव से 2 महिलाओं सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस और एएनटीएफ ने संयुक्त अभियान में चेकिंग के दौरान दो महिला समेत तीन लोगों को 6-80 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाना हल्द्वानी में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत कर कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की गयी। गिरफ्तार करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल मनमोहन सिंह , राजेन्द्र जोशी, महिला कांस्टेबल राजेश्वरी नेगी आदि शामिल थे।