रुद्रपुर : दुष्कर्म के आरोपी के घर के सामान की कुर्की
रुद्रपुर। पुलिस ने लंबे समय से फरार दुष्कर्म, मारपीट, धमकी देने के आरोपी के घर के सामान की कुर्की की है।
ट्रांजिट कैंप थाने से मिली जानकारी के अनुसार बीते 26 जून को सुरेश विश्वास के खिलाफ आईपीसी की धारा 376/323/504/506 में केस दर्ज हुआ था। आरोपी विवेचना के दौरान अपने घर से फरार था। अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय के आदेशानुसार गिरफ्तारी वारंट और उद्घोषणा वारंट प्राप्त कर तामील करने के बाद भी अभियुक्त सुरेश विश्वास पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया।
बीते 17 जनवरी को पुलिस ने न्यायालय से धारा 83 सीआरपीसी वारंट प्राप्त कर रविवार को धारा 83 सीआरपीसी तामील करते हुए अभियुक्त के घर की चल संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की। बाइक, टीवी, रसोई गैस समेत अन्य सामान कुर्क किया गया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ स्थायी वारंट की कार्रवाई के लिए न्यायालय में आवेदन किया जाएगा। कुर्की करने वाली टीम में एसआई नेहा ध्यानी, एसआई विजय कुमार शामिल थे। संवाद
