उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के स्कूल में छात्र के बैग से मिले तीन देसी बम: दोस्त को डराने के लिए कक्षा आठ का छात्र लेकर पहुंचा था, बाल सुधार गृह भेजा

उत्तर प्रदेश में एक स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा आठ के एक छात्र के बैग से तीन देसी बम बरामद हुए। छात्र अपने ही स्कूल में पढ़ने वाले एक अन्य विद्यार्थी को डराने के इरादे से बम लेकर पहुंचा था। पुलिस ने स्कूल कर्मचारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया है।

मामला प्रयागराज के मुट्ठीगंज स्थित एक स्कूल का है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल पहुंचने पर एक विद्यार्थी को छात्र के बैग में संदिग्ध सामान होने का शक हुआ। बैग की तलाशी लेने पर उसमें तीन देसी बम मिले। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने बम अपने कब्जे में ले लिए।

पुलिस पूछताछ में छात्र ने दावा किया कि उसने खुद ही बम बनाए हैं। हालांकि, पुलिस उसके इस बयान की भी जांच कर रही है कि कहीं वह किसी के दबाव या धमकी में तो ऐसा नहीं कह रहा है अथवा उसे बम किसी अन्य व्यक्ति ने तो नहीं दिए।

जांच में सामने आया कि छात्र और जिस विद्यार्थी को वह डराना चाहता था, दोनों पहले अच्छे दोस्त थे। कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर उनके बीच दो-तीन बार कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसी के बाद छात्र ने उसे डराने की योजना बनाई और तीन देसी बम लेकर स्कूल पहुंच गया।

छात्र के पिता एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र ने बम बनाना कहां से सीखा और क्या किसी अन्य व्यक्ति ने उसे इसके लिए जानकारी या सामग्री उपलब्ध कराई थी।

एसीपी अतरसुइया एस. दीप्ति चौहान ने बताया कि छात्र के पास बम कहां से आए, इसकी जांच की जा रही है। छात्र और उसके पिता से भी पूछताछ की गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

error: Content is protected !!