ऊधमसिंह नगर में चलती कार पर गिरा पेड़, तीन लोग बाल-बाल बचे
ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में बुधवार देर शाम क्षेत्र में अचानक आए तेज अंधड़ और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम के मिजाज से राहगीरों में अफरातफरी मच गई, वहीं किसानों को भी नुकसान हुआ। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ और टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। इसी दौरान नैनीताल रोड स्थित ग्राम नमूना में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय पेड़ चलती कार पर अचानक आ गिरा। पेड़ गिरते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। गनीमत रही कि कार में बैठे किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों लोगों को सुरक्षित कार से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हादसे के चलते नैनीताल रोड पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
