गंदगी में मिठाई बनाने पर दो दुकानों का किया चालान
ऊधमसिंह नगर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सहायक आयुक्त ललित मोहन पांडे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या और अपर्णा साह की तीन टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। टीम ने जसपुर, काशीपुर, रुद्रपुर और महतोषबंद क्षेत्र के बाजारों में डेयरियों और मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
जसपुर में सरकारी डेयरी से पनीर का एक नमूना और माया डेयरी से गाय के दूध का एक नमूना लिया। दिनेशपुर-कालीनगर में कृष्णा स्वीट्स एंड फास्ट फूड से मावा की कचौड़ी और गगन डेयरी से घी का नमूना लिया। कालीनगर में कृष्णा स्वीट्स में गंदगी और अस्वच्छ हालात में मिठाई बनते मिलने पर चालानी कार्रवाई की गई। महतोषबंद में गणेश डेयरी एंड स्वीट्स से खोया और पनीर का एक-एक नमूना लिया गया।
इसके अलावा राजू डेयरी से मिल्क केक और पनीर का नमूना, काशीपुर में रामनगर रोड स्थित ओम स्वीट्स से मावे की बर्फी, भगवती स्वीट्स से पेड़ा और तुलसीराम स्वीट्स से बेसन के लड्डू का नमूना लिया गया। टीम ने कुल 11 नमूने लेकर राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त ललित मोहन पांडे ने बताया कि सभी सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
