उधमसिंह नगर

गेटमैन की ड्यूटी के दौरान ट्रेन से कटकर मौत, रेलवे अधिकारियों में हड़कंप

काशीपुर के महुआखेड़ागंज के पास गिरधर रेलवे लाइन गेट पर बुधवार सुबह ड्यूटी के दौरान गेटमैन ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में गेटमैन अंकुर भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और आरपीएफ अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि अंकुर भारद्वाज गिरधर रेलवे लाइन गेट पर गेटमैन के पद पर तैनात थे। बुधवार सुबह दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में वह आ गए। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी सुखवंत सिंह और रेलवे अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई।

आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेज दिया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

error: Content is protected !!