उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : इंस्टाग्राम पर किशोरी से अभद्रता, विरोध करने पर पिता से मारपीट

रुद्रपुर। इंस्टाग्राम पर एक नाबालिग किशोरी से अभद्र भाषा का प्रयोग करने और बाद में बीच सड़क पर रोककर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना को लेकर हिंदूवादी संगठनों में भी रोष देखने को मिला और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग किशोरी को आरोपी युवक इंस्टाग्राम पर लगातार गाली-गलौज और अभद्र संदेश भेज रहा था। किशोरी द्वारा कोई जवाब नहीं दिए जाने पर आरोपी ने उसे बीच सड़क पर रोककर कथित तौर पर गाली-गलौज की और धमकी दी। इसके बाद किशोरी ने पूरी घटना अपने पिता को बताई।

बताया गया कि जब किशोरी के पिता आरोपी युवक को समझाने उसके घर पहुंचे तो युवक और उसके भाइयों ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वे घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता रात में आरोपी के घर पहुंचे, लेकिन वहां आरोपी और उसके भाई नहीं मिले। इसके बाद मामले की सूचना ट्रांजिट कैम्प कोतवाली पुलिस को दी गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और कोतवाली लाकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की भी जांच की, जिसमें किशोरी द्वारा लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मारपीट में घायल किशोरी के पिता का जिला चिकित्सालय में चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया। मामले की जांच जारी है।

error: Content is protected !!