रुद्रपुर: अस्पताल में यौन उत्पीड़न के आरोप से हड़कंप, नर्सिंग असिस्टेंट ने सीएम से लगाई न्याय की गुहार
रुद्रपुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल की एक नर्सिंग असिस्टेंट ने वरिष्ठ कर्मचारी पर यौन उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने सिडकुल चौकी में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही मुख्यमंत्री को भी शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ड्यूटी के दौरान उसके साथ यौन उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़िता का आरोप है कि उससे रुपये की मांग की गई और वेतन में भी कटौती की गई। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब अस्पताल प्रबंधन द्वारा एक साथ 25 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
हटाए गए कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन की कथित मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को निशाना बनाया गया है। उनका कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से ड्यूटी आवंटन में भेदभाव, वेतन कटौती और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे गए पत्र में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
उधर, ईएसआईसी अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामले की आंतरिक जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण वर्मा से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
वहीं एसपी सिटी यूएस नेगी ने कहा कि यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायत की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जुटाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
