उधमसिंह नगर : स्क्रैप कारोबारी से 1.45 करोड़ की ठगी, मुकदमा दर्ज
स्क्रैप कारोबारी से 1.45 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सितारगंज। बरी निवासी मंदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी फर्म ने स्क्रैप सामग्री खरीदने के लिए विभिन्न खातों के माध्यम से 1.45 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। यह राशि श्रीगंगानगर (राजस्थान) निवासी विवेक आहूजा को ट्रांसफर की गई थी। आरोप है कि तय समझौते के अनुसार स्क्रैप सामग्री की आपूर्ति नहीं की गई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि भुगतान के बाद उन्होंने विवेक आहूजा और उनके भागीदार शैवी वर्मा निवासी चंडीगढ़ से कई बार संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन दिया जाता रहा। न तो स्क्रैप सामग्री भेजी गई और न ही भुगतान की गई रकम वापस की गई।
मंदीप सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उनकी फर्म की 1.45 करोड़ रुपये की राशि हड़प ली। मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने पुलिस को तहरीर सौंपी।
एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
