उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : बंद कमरे में मिला किरायेदार का शव, शरीर पर चोट के निशान

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की कृष्णा विहार कॉलोनी में एक किरायेदार का शव बंद कमरे के अंदर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश निवासी कमलेश चंद्र पिछले कई वर्षों से कृष्णा विहार कॉलोनी में किराये पर रह रहे थे। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कमलेश काफी समय से कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय मकान मालिक दीपक सहित आसपास के लोग भी मौके पर मौजूद थे।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने बंद लोहे के गेट से अंदर झांककर देखा तो कमलेश कमरे के फर्श पर पेट के बल पड़े हुए थे। इसके बाद पुलिस ने डायल-112 की मदद से गेट खुलवाकर कमरे में प्रवेश किया।

पुलिस के अनुसार मृतक के नाक और मुंह से खून निकल रहा था तथा बाएं घुटने पर चोट के निशान पाए गए। शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत कुछ समय पहले हो चुकी थी। मौके से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि कमलेश शराब पीने के आदी थे। घटना की सूचना उनकी पत्नी और अन्य परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

सीओ विभव सैनी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!