रुद्रपुर : विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी
रुद्रपुर। न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पंचवटी विलास निवासी कुलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने भूरारानी रोड स्थित ईआईएफएस प्रा. लि. के माध्यम से न्यूजीलैंड जाने के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने लवीश महाजन स्वामी को अपनी फाइल सौंपी थी।
कुलजीत सिंह के अनुसार, विदेश भेजने की एवज में उन्होंने 7 जुलाई 2024 को 4.50 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे, जबकि 2.50 लाख रुपये नकद दिए थे। आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद लवीश महाजन स्वामी ने छह माह के भीतर न्यूजीलैंड भेजने का आश्वासन दिया था।
पीड़ित का कहना है कि तय समय बीत जाने के बावजूद उसे न्यूजीलैंड जाने से संबंधित कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए। कई बार संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि विदेश भेजने के नाम पर उसके साथ सात लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
कुलजीत सिंह ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस घटना के चलते वह मानसिक रूप से परेशान हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
