रुद्रपुर में 100 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं को मिलेंगी सौगात, कल आएंगे सीएम धामी
रुद्रपुर। मेयर विकास शर्मा ने कहा है कि एक साल बेमिसाल उत्सव ऐतिहासिक होगा। 14 फरवरी से 10 दिवसीय आयोजन होने जा रहा है। इसकी तैयारी पूरी कर ली है। भव्य उत्सव के शुभारंभ पर सीएम पुष्कर सिंह धामी रुद्रपुर वासियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
भाजपा जिला कार्यालय में मेयर ने बताया कि नगर निगम के सफल एक वर्ष पूर्ण होने के पर गांधी पार्क में 14 फरवरी से 23 फरवरी तक यूएस नगर कार्निवल व सरस मेला होगा। 14 को दोपहर ढाई बजे रुद्रपुर पहुंचकर सीएम धामी सबसे पहले त्रिशूल चौक का लोकार्पण करेंगे। यह त्रिशूल न केवल आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान का भी नया केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि सीएम हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों का स्वागत व सम्मान भी करेंगे। त्रिशूल चौक से विशाल शिव बारात निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके बाद सीएम गांधी पार्क पहुंचकर यूएस नगर कार्निवल व सरस मेले का विधिवत शुभारंभ कर 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
गांधी पार्क में श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल की ओर से आयोजित विशाल शिव जागरण का भी सीएम शुभारंभ करेंगे। 15 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
15 फरवरी की शाम संकल्प खेतवाल व हरीश भट्ट की प्रस्तुति, 16 को सैंड आर्ट के साथ जस्सी गिल व बलवल राय अपने गीतों से समां बांधेंगे। 17 को इमान चक्रवर्ती की प्रस्तुति और एनसी सरकार का मैजिक शो आकर्षण का केंद्र रहेगा। 18 को हिमनात व बंटी राणा, 19 को रूपेश मिश्रा व श्वेता मेहरा अपनी प्रस्तुति देंगी। 20 को गोविंद दिगारी, खुशी दिगारी व फौजी ललित मोहन जोशी की प्रस्तुति होगी। 21 को साधो बैंड की प्रस्तुति और श्री राम कला केंद्र की ओर से रामलीला का मंचन किया जाएगा। 22 को पवनदीप राजन व जितेंद्र तोमक्याल, 23 फरवरी को पांडवा बैंड की प्रस्तुति होगी।
