इंदिरा चौक बनेगा ‘त्रिशूल चौक’, महापौर ने किया भूमि पूजन
धार्मिक प्रतीक से मिलेगा चौराहों को नया स्वरूप, शहर की सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा बढ़ावा
रुद्रपुर। नगर निगम की ओर से शहर को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हो गई है। शनिवार शाम महापौर विकास शर्मा ने श्री अमरनाथ सेवा मंडल के पदाधिकारियों के साथ मिलकर इंदिरा चौक पर ‘त्रिशूल’ की स्थापना के लिए भूमि पूजन किया। इसी के साथ इस ऐतिहासिक चौराहे का नाम अब ‘त्रिशूल चौक’ रखा गया है, जिसकी औपचारिक घोषणा जल्द ही एक भव्य समारोह में की जाएगी।
महापौर ने बताया कि नगर निगम चुनाव के दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों को धार्मिक प्रतीकों से सजाने का वादा किया था। इसी संकल्प के तहत त्रिशूल, डमरू, धर्मचक्र जैसे प्रतीकों की स्थापना की जा रही है। इससे न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलेगा, बल्कि चौराहों को एक भव्य और सांस्कृतिक स्वरूप भी प्राप्त होगा।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि यह योजना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रस्तुत की गई थी, जिसे उन्होंने गांधी पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। अब इसे धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज़ी से शुरू हो गई है। त्रिशूल चौक इस दिशा में पहला कदम है और जल्द ही मुख्यमंत्री के रुद्रपुर आगमन पर इसका विधिवत लोकार्पण भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल शहरी सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक भावनाओं को सम्मान देने का प्रयास है। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने श्री अमरनाथ सेवा मंडल के साथ मिलकर यह भूमि पूजन किया।
इस मौके पर मौजूद रहे:
सुनील ठुकराल, अजय चड्ढा, मनीष चुग, सचिन गुंबर, विवेक दीप सिंह, पारस चुग, कालू नारंग, रजनीश बत्ता, सुशील नारंग, राजन राठौर, संदीप मिश्रा, प्रमोद शर्मा, बिट्टू शर्मा, गोपी सागर, स्वाति तिवारी, रश्मि रस्तोगी, मोहन तिवारी, राजेश कमरा, प्रमोद मित्तल, मनीष मित्तल, गुलशन छाबड़ा, गोविंद शर्मा, करुण गुप्ता, विश्वनाथ शर्मा, वरुण मुंजाल, अंकित नरूला, गौरव जुयाल, शेखर जुयाल, अमित अरोरा और बॉबी आदि।
