उधमसिंह नगर: शादी में गई महिला का शव पेड़ पर लटका मिला, पति पंजाब में करता है नौकरी
उधमसिंह नगर। रिश्तेदार की शादी में गई एक महिला का शव पेड़ में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उताकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संवाद न्यूज एजेंसी के अनुसार नानकमत्ता में शनिवार की सुबह ग्राम प्रतापपुर नंबर नौ के ग्रामीणों ने एक खेत में पेड़ में साड़ी के फंदे से लटका महिला का शव देखा। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रतापपुर चौकी प्रभारी दीपक जोशी ने घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद सीओ खटीमा विमल रावत और नानकमत्ता थानाध्यक्ष उमेश कुमार भी मौके पर पहुंचे।
महिला के परिजनों ने बताया कि महिला का पति पंजाब में नौकरी करता है। नवंबर में वह पंजाब चला गया था। मृतका गांव में अपने सास-ससुर व दो वर्ष के पुत्र के साथ रहती थी। शुक्रवार रात गांव में रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने के लिए वह परिजनों के साथ गई थी। शादी वाले घर में ही सुबह पुत्र को सास-ससुर के पास छोड़कर वह खेतों की ओर गई थी। देर तक न लौटने पर परिजन उसकी खोजबीन करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके से उसके माता-पिता व परिवार के अन्य लोग भी पहुंच गए। सीओ विमल रावत ने बताया कि महिला का चार वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। घर में कोई तनाव नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आ पाएगी।
