काशीपुर : छठ पर्व से पहले महादेव नहर में गंदगी का अंबार
काशीपुर। पूर्वांचल के लोगों के छठ पर्व की प्रमुख स्थली महादेव नहर इन दिनों पॉलीथीन, घरेलू कचरे और सिल्ट से पटी पड़ी है। नियमित सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। दिवाली के बाद छठ पर्व मनाया जाना है, ऐसे में नहर की गंदगी से व्रती परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
बीती एक अक्तूबर को मेयर दीपक बाली की अगुवाई में नगर निगम ने नहर में विशेष सफाई अभियान चलाया था। जेसीबी और कर्मचारियों की मदद से कचरा हटाया गया, लेकिन नियमित सफाई और निगरानी के अभाव में दोबारा गंदगी जमा हो गई।
हर साल सैकड़ों व्रती परिवार महादेव नहर के घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। स्थानीय निवासी अनीता और कमला देवी ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोग नहर में कूड़ा फेंक देते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों ने छठ पर्व से पहले नहर की पूरी सफाई, घाटों की मरम्मत और बैरिकेडिंग कराने की मांग की है।
मेयर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम की ओर से महादेव नहर की सफाई कराई जाएगी। स्थानीय लोगों को नहर में कूड़ा न डालने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
