उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : तमंचे और तलवार लहराकर दबंगों ने मचाया आतंक, हवाई फायरिंग से दहशत

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में दबंग युवकों के आतंक का एक और मामला सामने आया है। बुधवार देर रात शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन छात्रावास के निकट करीब आधा दर्जन बाइकों पर सवार युवकों ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग की और तलवारें लहराते हुए लोगों को धमकाया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को एक ई-रिक्शा की टक्कर से एक राहगीर घायल हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद करीब आधा दर्जन मोटरसाइकिलों पर सवार कई युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों के पास अवैध तमंचे और धारदार हथियार थे। उन्होंने ई-रिक्शा चालक को छुड़ाने के लिए हवाई फायरिंग की तथा हाथों में तलवारें लहराकर लोगों को डराने-धमकाने लगे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद आरोपी युवक बाइकों से मौके से फरार हो गए। फायरिंग और हथियारों के प्रदर्शन से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि क्षेत्र में बाइक सवार दबंग युवकों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!