उधमसिंह नगर : व्यापारी द्वारा कर्मचारी पर चेक चोरी कर 1.30 करोड़ रुपये निकालने का प्रयास करने का आरोप, पुलिस को सौंपी तहरीर
उधमसिंह नगर। एक कारोबारी ने अपने पूर्व कर्मचारी पर फर्म की चेकबुक से हस्ताक्षरित चेक चोरी कर 1.30 करोड़ रुपये निकालने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी मोहम्मद जाबिर ने बाजपुर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह फैब्रिकेशन का व्यवसाय संचालित करते हैं। उनके यहां एक युवक वर्ष 2015 से 2022 तक कार्यरत रहा। लंबे समय तक साथ काम करने और पारिवारिक संबंध होने के कारण उसे कार्यालय में आने-जाने की पूरी अनुमति थी।
आरोप है कि इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए युवक ने फर्म के बैंक खाते की चेकबुक से कुछ हस्ताक्षरित चेक चोरी कर लिए। बाद में बैंक खाते की जांच के दौरान पता चला कि 70 लाख रुपये और 60 लाख रुपये के दो चेक भुगतान के लिए बैंक में प्रस्तुत किए गए हैं।
मोहम्मद जाबिर के अनुसार, समय रहते उन्हें इसकी जानकारी मिल गई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल बैंक पहुंचकर दोनों चेकों का भुगतान रुकवा दिया। उनका कहना है कि यदि समय पर यह कदम नहीं उठाया जाता तो फर्म को 1.30 करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी के पास फर्म के अन्य चेक भी हो सकते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
