रुद्रपुर में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा, पिता-पुत्र समेत चार लोग झुलसे
रुद्रपुर में मंगलवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अचानक हुए धमाके से घर में अफरातफरी मच गई और आग की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन सदस्य समेत पड़ोसी महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां पिता-पुत्र की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कृष्णा कॉलोनी निवासी लोकेश की पत्नी सुबह छोटे सिलेंडर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान गर्म तवा भूलवश गैस पाइप पर रख दिया गया, जिससे पाइप गर्म होकर गैस रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते आग भड़क उठी और कुछ ही देर में लपटें सिलेंडर तक पहुंच गईं। इसके बाद सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे घर में आग फैल गई और दीवारें तक चटक गईं। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
हादसे में गृहस्वामी लोकेश, उनकी पत्नी, पुत्र तथा मौके पर मौजूद पड़ोसी महिला गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार लोकेश करीब 50 प्रतिशत जबकि एक अन्य व्यक्ति लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गया है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि दो महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
